भारत-पाकिस्तान युद्ध की स्थिति: सीमा पर पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही सेना

भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाई पाकिस्तानी सेना ने गुरुवार रात ड्रोन और मिसाइलों से भारत के उत्तरी और पश्चिमी इलाकों में कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। लेकिन भारत ने एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए इन हमलों को नाकाम कर दिया।

इस पूरी घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज साउथ ब्लॉक में सीडीएस और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ स्थिति की समीक्षा करेंगे।

राजनाथ सिंह के साथ बैठक, तीनों सेना प्रमुख रक्षा मंत्रालय पहुंचे

भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा हालात को लेकर राजनाथ सिंह ने आज एक बैठक बुलाई है। यह बैठक सीडीएस अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ होगी। इस बैठक में शामिल होने के लिए तीनों सेनाओं के प्रमुख रक्षा मंत्रालय पहुंच गए हैं। इस बैठक में पाकिस्तान के साथ तनाव से उपजे हालात पर चर्चा होगी।

पाकिस्तान की ओर से यह हमला तब किया गया जब भारत ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइलें दागीं और आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। पाकिस्तान सरकार और उसकी सेना आतंक पर इस हमले को बर्दाश्त नहीं कर पाई और उसने भारत के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करना ही बेहतर समझा।

चंडीगढ़ सायरन की आवाज से गूंज उठा

पाकिस्तान की ओर से संभावित हमले के मद्देनजर चंडीगढ़ हाई अलर्ट पर है। चंडीगढ़ में सायरन बज रहे हैं। एयरफोर्स स्टेशन को हवाई चेतावनी जारी की गई है। चंडीगढ़ डीसी ने सभी को घर के अंदर रहने और बालकनी से दूर रहने का आदेश दिया है। मोहाली भी अलर्ट पर है।

पाकिस्तान की कायराना हरकतों के बीच लेह में 9 और 10 मई को सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर सभी वाहनों को रोक दिया गया है।

अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा ने कहा कि हमने पाकिस्तान और पीओके में नौ जगहों पर आतंक की फैक्ट्रियों को नष्ट कर दिया है। हमारी जंग आतंकियों से है। दुनिया को इस बात की चिंता होनी चाहिए कि पाकिस्तान आतंकवाद और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देता है। पाकिस्तान को बताया जाना चाहिए कि अब वह आतंक को बढ़ावा देना बंद करे।

उरी में इस समय क्या है स्थिति

रात में पाकिस्तानी सेना के नापाक मंसूबों के बाद सुबह बारामुल्ला के उरी के मुख्य बाजार में जनजीवन सामान्य है।

सुबह-सुबह जामनगर में दिखे पाक ड्रोन को मार गिराया गया

गुजरात के जामनगर में सुबह 4 बजे एक पाकिस्तानी ड्रोन देखा गया। ड्रोन की वजह से जामनगर में सुबह 4 बजे ब्लैकआउट कर दिया गया।

सुबह-सुबह जैसलमेर में बीएसपी कैंप पर हमले की नाकाम कोशिश

राजस्थान के जैसलमेर के रामगढ़ में बीएसएफ कैंप पर सुबह 4.30 से 5.30 बजे के बीच फिर से ड्रोन से हमला करने की कोशिश की गई, जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया।

बीती रात पाकिस्तान के हमले पर भारतीय सेना का बयान

भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि 8 और 9 मई की रात को पाकिस्तानी सेना ने भारत की पूरी पश्चिमी सीमा पर ड्रोन और दूसरे हथियारों से कई हमले किए। पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पर संघर्ष विराम का उल्लंघन भी किया। लेकिन पाकिस्तान के इन हमलों को नाकाम कर दिया गया और मुंहतोड़ जवाब दिया गया। भारतीय सेना राष्ट्र की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करना जारी रखेगी।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *